संवाददाता:शमशुल कुरैशी/दैनिक मंगलौर
मंगलौर। अघोरी बाबा बनकर घूम रहे एक ढोंगी बहरूपिए को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बहरूपिया राष्ट्रीय राजमार्ग एन एच 58 दिल्ली हरिद्वार मार्ग पर आने जाने वाले राहगीरों से जबरदस्ती पैसे की मांग कर रहा था। बताते चले कि सूबे के मुख्यमंत्री के आदेश पर ऑपरेशन कालनेमी के तहत चलाए जा रहे अभियान के मद्देनजर क्षेत्र में घूम रहे बहुरूपियों को पुलिस लगातार हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। अभियान के दौरान पुलिस संदिग्धों पर कार्यवाही कर रही है।
गौरतलब है कि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आदेश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन कालनेमी अभियान के तहत मंगलौर कोतवाली पुलिस ने अघोरी बाबा के भेष में ढोंगी बहरूपिए को गिरफ्तार किया है। बहरूपिया कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पीरपुरा के समीप फ्लाई ओवर पर राष्ट्रीय राजमार्ग दिल्ली हरिद्वार हाइवे पर खड़ा होकर आने जाने वाले राहगीरों को रोकते हुए पैसे मांग कर रहा था। किसी व्यक्ति द्वारा पुलिस को सूचना दी गई कि एक व्यक्ति अघोरी बाबा के भेष में राहगीरों को रोककर पैसे की मांग कर रहा है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने ढोंगी बाबा को हिरासत में ले लिया है।
कोतवाली प्रभारी शांति कुमार गंगवार ने बताया है कि मंगलौर कोतवाली पुलिस लगातार चेकिंग अभियान चलाकर ऐसे लोगों पर कार्रवाई कर रही है जो बाबा का भेष बनाए हुए है। यह कार्रवाई एसएसपी हरिद्वार के नेतृत्व में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आदेशानुसार कि जा रही है। इसी क्रम में पुलिस ने शुक्रवार को अरविंद निवासी सपेरा बस्ती थाना पथरी को गिरफ्तार किया है। यह व्यक्ति अघोरी बाबा का भेष बनाए हुए था। पुलिस ने ढोंगी बहरूपिए बाबा के भेष में घूम रहे अरविंद के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही की है। उन्होंने कहा कि ऐसे ढोंगी बाबाओं के भेष में घूम रहे व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस कार्यवाही करती रहेगी।
