संवाददाता: शमशुल कुरैशी/ दैनिक मंगलौर
मंगलौर। कस्बे की एक मोहल्ला निवासी महिला ने अपने ससुरालियों पर दहेज़ में कार व दस लाख रुपए मांगने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर प्रस्तुत की है। महिला ने तहरीर में अपने देवर पर चाकू की नोंक पर दुष्कर्म करने,तथा पति द्वारा तीन तलाक़ का देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर तीन महिलाओं सहित पांच आरोपियों पर मुकदमा पंजीकृत किया है। कोतवाली पुलिस मुकदमा दर्ज करने के साथ ही मामले की जांच में जुट गई है।
गौरतलब है कि मंगलौर कस्बे के मोहल्ला पठानपुरा निवासी एक महिला का विवाह लगभग पांच वर्ष पूर्व कैराना निवासी हैदर अली के साथ मुस्लिम रीति रिवाज के अनुसार हुआ था। शादी में महिला के परिजनों ने खूब दान दहेज भी दिया था। साथ दुल्हा को तीन लाख रुपए की धनराशि नकद भी दी गई थी। दहेज़ में महिला के ससुराल पक्ष को फर्नीचर पसंद ना आने पर चार लाख रुपए नए फर्नीचर खरीदने के लिए भी दिये थे। इस दौरान महिला को पता चला कि उसके हैदर अली का कई अन्य महिलाओं से नाजायज सम्बन्ध है। इसी बात को लेकर दोनों में झगड़ा रहने लगा था। पीड़ित महिला ने मामले की तहरीर मंगलौर कोतवाली पुलिस को देते हुए बताया है कि उसका पति हैदर अली व उसके देवर ससुराल पक्ष की तीन महिलाओं ने शादी के कुछ दिनों बाद से ही उसको दहेज़ के लिए प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। ससुराल पक्ष ने महिला से दस लाख रुपए व ब्रेज़ा कार लाने की शर्त रखी थी। दहेज़ की शर्त पूरी न होने पर ससुराल पक्ष के लोग महिला से अभद्रता व प्रताड़ित करने लगे थे। महिला ने तहरीर में आरोप लगाया है उसके देवर द्वारा चाकू की नोंक पर सोलह मई 2024 को दुष्कर्म किया तथा उसकी आपत्तिजनक वीडियो बनाकर कर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शांति कुमार गंगवार ने बताया है कि महिला द्वारा पुलिस को मामले की तहरीर दी गई थी। जिसमें महिला ने पति द्वारा तीन तलाक की दिए जाने की बात कही है। पुलिस ने कई प्रभावी धाराओं में तीन महिलाओं सहित पांच आरोपियों पर मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
